
बलरामपुर। विकासखंड वाड्रफनगर के ग्राम गुरमुटी के आश्रित ग्राम धौरपुर एवं संघरा में पेयजल समस्या संबंधी शिकायत विभिन्न माध्यमों से प्राप्त होने पर कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की टीम द्वारा स्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान धौरपुर एवं प्राथमिक शाला संघरा के पास स्थापित हैंडपंप में तकनीकी समस्या पाई गई। जिस पर विभाग द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए हैंडपंप तकनीशियन के माध्यम से आवश्यक मरम्मत कार्य कराया गया।सुधार कार्य पूर्ण होने के बाद हैंडपंप को पुनः चालू कर पेयजल आपूर्ति सुचारू कर दी गई।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के द्वारा स्वयं आमजनों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए सतत निगरानी की जा रही है जिससे लोगों को समय पर राहत मिल सके साथ ही किसी भी प्रकार की समस्या की सूचना प्राप्त होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।



