
बलरामपुर। जिले की चौकी बलंगी (थाना रघुनाथनगर) पुलिस ने मवेशी तस्करी के गंभीर मामले में महीनों से फरार चल रहे दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
घटना 19 मार्च 2026 की है, मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बलंगी चौकी गेट के सामने नाकाबंदी की थी। तस्कर सफेद रंग की ग्रैंड विटारा कार (क्रमांक CG 30 G 5161) से रेकी करते हुए आगे चल रहे थे, जिसके पीछे 7 पिकअप वाहनों में मवेशियों को ठूंस-ठूंस कर वध हेतु ले जाया जा रहा था। पुलिस को देख चालक गाड़ियों को मोड़कर भागने लगे। घेराबंदी के दौरान 2 पिकअप (MP 66 ZF 2498 और MP 53 Z 3982) लावारिस हालत में मिले, जिनमें 14 भैंसों के पैर व सींग क्रूरता से बंधे हुए थे। पुलिस ने मवेशियों को मुक्त कराकर वाहन जब्त किए थे, जबकि चालक और अन्य साथी फरार हो गए थे।
मामले में बीएनएस की धारा 111(1)(2), छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत जुर्म दर्ज किया गया था।
चौकी प्रभारी पुष्पराज सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने 14 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर सिंगरौली में आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया और बताया कि तस्करी में प्रयुक्त पिकअप (MP 66 JC 2419) पूर्व से ही मध्य प्रदेश के सरई थाने में अन्य अपराध के तहत जब्त है। कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों को जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:-
अब्दुल जलील (उम्र 35 वर्ष, लगभग), निवासी ग्राम उमरहर, थाना जियावन, जिला सिंगरौली (म.प्र.),बबलू उर्फ मोहम्मद हुसैन, निवासी ग्राम धवई (घोड़धर) सेमारी, थाना चितरंगी, जिला सिंगरौली (म.प्र.)



