
बलरामपुर/रामानुजगंज। सीमावर्ती क्षेत्रों से अवैध धान के परिवहन और खपाए जाने के मामलों पर प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। कलेक्टर के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी रामानुजगंज की संयुक्त टीम ने रविवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश से अवैध रूप से लाए जा रहे 37 बोरी धान को ट्रैक्टर सहित जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशासनिक टीम को सीमा पार से अवैध धान परिवहन की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने घेराबंदी कर एक ट्रैक्टर को रोका। जांच के दौरान त्रिशुली (तहसील रामचन्द्रपुर, जिला बलरामपुर) निवासी दीनदयाल गुप्ता द्वारा अपने निजी ट्रैक्टर में लगभग 37 बोरी धान लोड कर ले जाया जा रहा था। पूछताछ में सामने आया कि यह धान उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले (तहसील दुद्धी) स्थित ग्राम जामपानी से लाया गया था और इसे ग्राम सलवाही निवासी नंदलाल प्रसाद गुप्ता (पिता स्व. बलदेव प्रसाद) के घर पहुंचाया जा रहा था।
दस्तावेज नहीं दिखा सके, बिक्री की थी योजना
पूछताछ में वाहन चालक दीनदयाल गुप्ता ने स्वीकार किया कि उत्तर प्रदेश से लाए गए इस धान को छत्तीसगढ़ में नंदलाल गुप्ता के नाम पर खपाने यानी बिक्री करने की योजना थी। मौके पर चालक से धान परिवहन से संबंधित वैध कागजात मांगे गए, जिसे प्रस्तुत करने में वह पूरी तरह असमर्थ रहा। इसके अलावा चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन के अनिवार्य दस्तावेज भी नहीं पाए गए।
दस्तावेज के अभाव और सीमा पार से अवैध परिवहन का मामला पाए जाने पर प्रशासनिक टीम ने 37 बोरी धान समेत ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और आगे की प्रक्रिया के लिए पुलिस चौकी डिंडो को सुपुर्द कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित पक्षों के विरुद्ध नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही सीमावर्ती इलाकों में लगातार सघन जांच अभियान जारी रहेगा।



