
बलरामपुर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के चलते बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में 29 अक्टूबर (गुरुवार) को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनज़र जिला कलेक्टर के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) की ओर से जारी आदेश के तहत यह अवकाश जिले के सभी सरकारी एवं निजी (अशासकीय) प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में प्रभावी रहेगा।

प्रशासन के अनुसार, भारी वर्षा और जलभराव के कारण विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में जोखिम का सामना करना पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।
अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और अभिभावकों से अपील की है कि मौसम के मिजाज को देखते हुए पूरी सतर्कता बरतें। भारी बारिश के दौरान बच्चों को उफनते नदी-नालों, रपटों और जलभराव वाले संवेदनशील इलाकों से दूर रखने की सलाह दी गई है।



