बलरामपुर। जिले की रामचंद्रपुर थाना पुलिस ने मवेशी तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी 9 भैंसों को मारते-पीटते अवैध रूप से बूचड़खाने ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 सितंबर को ग्राम औरंगा निवासी प्रार्थी उदय कुमार सिंह (37 वर्ष) ने थाने में लिखित सूचना दी कि एक व्यक्ति 9 नग भैंसों को बेरहमी से पीटते हुए बूचड़खाने की ओर ले जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को हिरासत में लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान शिवनाथ यादव (61 वर्ष), पिता स्वर्गीय ज्ञानी यादव, निवासी ग्राम सुंदरपुर (थाना सनावल, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मवेशियों को अवैध रूप से बूचड़खाने ले जाने की बात स्वीकार कर ली।
रामचंद्रपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जिला जेल दाखिल करा दिया गया है।



