
राजपुर। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, राजपुर के खेल मैदान में 16 सितंबर को “सरगुजा ओलंपिक 2026-27” खेल प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ उत्साह और उमंग के साथ हुआ। “स्वस्थ युवा, समृद्ध सरगुजा” और “खेलो सरगुजा,बढ़ो सरगुजा” ध्येय के साथ आयोजित इस खेल का उद्देश्य ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, अध्यक्षता कर रहीं सामरी विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा तथा अन्य विशिष्ट जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न की गई।

मंच पर उपस्थित मुख्य अतिथि चिंतामणि महाराज ने संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और भाईचारे की भावना को भी सुदृढ़ करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ अभियान की प्रेरणा से विष्णुदेव साय सरकार प्रदेश में खेलों को बढ़ावा दे रही है। यह प्रतियोगिता विकासखंड स्तर से शुरू होकर जिला और संभाग स्तर तक पहुंचेगी, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहचान बनाने और खेल में करियर संवारने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि आज हमारे क्षेत्र में केवल फुटबॉल जैसे सीमित खेल ही दिखते हैं, जबकि खो-खो व कई पारंपरिक ग्रामीण खेल विलुप्त होने की कगार पर हैं। सरगुजा ओलंपिक के माध्यम से इन सभी पारंपरिक खेलों को पुनः सामने लाया जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में युवाओं और विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है। सरगुजा ओलंपिक का उद्देश्य प्रतिभाओं को निखारना और उन्हें अनुभाग स्तर से जिला तथा राज्य स्तर तक पहुंचने का मंच उपलब्ध कराना है।उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का आह्वान किया।

राजपुर एसडीएम देवेंद्र प्रधान ने सरगुजा ओलंपिक में होने वाले खेलो की जानकारी देते हुए बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार युवाओं में भारी उत्साह देखा गया है। जहां पिछली बार लगभग 9000 पंजीकरण हुए थे, वहीं इस बार यह आंकड़ा बढ़कर 19,000 के पार पहुंच गया है, जो 100% से अधिक की बढ़ोतरी दर्शाता है।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने मैदान पर फीता काटकर औपचारिक रूप से प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। अनुभाग राजपुर द्वारा आयोजित इस बहुप्रतीक्षित खेल प्रतियोगिता में आगामी दिनों में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागी पारंपरिक खेल स्पर्धाओं में अपना जौहर दिखाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान जनपद अध्यक्ष विनय भगत उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह विधायक प्रतिनिधि प्रवीण अग्रवाल गौरी शंकर अग्रवाल जगवंशी यादव शशिकला भगत उदय यादव प्रशांत सिंह राजेश यादव गौरव उपाध्याय सीईओ संजय दुबे तहसीलदार प्रतीक जायसवाल बीईओ जतरुराम नागदेव मंडल संयोजक संतोष सिंह प्रदीप जायसवाल सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी और स्कूली बच्चे तथा स्थानीय ग्रामीणजन मौजूद रहे।



