बैकुंठपुर (कोरिया)। आबकारी आयुक्त द्वारा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देशों के तहत संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम ने जिला कोरिया में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। उड़नदस्ते की टीम ने ग्राम बड़े आनी में दबिश देकर 56 लीटर अवैध शराब बरामद की और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संभागीय आबकारी उड़नदस्ता संभाग सरगुजा की टीम सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में थाना बैकुंठपुर क्षेत्र में गश्त पर थी। गश्त के दौरान जब टीम महुआ शराब निर्माण के लिए संवेदनशील माने जाने वाले ग्राम आनी पहुंची, तो मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि बड़े आनी निवासी संगीता अपने घर पर भारी मात्रा में अवैध महुआ और हड़िया शराब तैयार कर बिक्री के लिए रखी हुई है।
सूचना पर उड़नदस्ते ने तत्काल ग्राम बड़े आनी में संगीता के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर से 24 लीटर महुआ शराब और 32 लीटर हड़िया शराब (कुल 56 लीटर अवैध शराब) बरामद कर जब्त की गई।
आरोपी संगीता के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2) एवं 59(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय बैकुंठपुर में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जेल दाखिल कर दिया गया।
यह पूरी कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के मार्गदर्शन तथा आबकारी उपनिरीक्षक टी. आर. केहरी के नेतृत्व में की गई। इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक अनिल गुप्ता, आबकारी आरक्षक श्याम सुंदर सिंह तथा महिला सैनिक राजकुमारी सिंह व चंद्रावती की सक्रिय भूमिका रही।


