कुसमी। थाना क्षेत्र में मवेशियों की अवैध तस्करी के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी स्कॉर्पियो में मवेशियों को बांधकर झारखंड ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 02 नग मवेशी और तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन जप्त कर लिया है।
घटना 1 नवंबर की है। कुम्हारपारा निवासी प्रार्थी सी.जे. कुमार प्रजापति (35 वर्ष) को स्थानीय ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि एक सफेद स्कॉर्पियो में कुछ लोग मवेशी भरकर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही प्रार्थी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों को देखते ही वाहन चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
मुंह और पैर बांधकर की जा रही थी तस्करी
वाहन की तलाशी लेने पर अंदर का दृश्य देखकर लोग दंग रह गए। स्कॉर्पियो के भीतर दो मवेशियों के चारों पैर और मुंह क्रूरतापूर्वक बांधकर रखे गए थे। पकड़े गए चालक ने पूछताछ में अपना नाम तस्लीम खान (28 वर्ष), निवासी साई टांगरटोली (थाना लोदाम, जिला जशपुर) बताया। उसने स्वीकार किया कि वह इन मवेशियों को शंकरगढ़ क्षेत्र से खरीदकर झारखंड के गुमला ले जा रहा था।
घटना की सूचना पर कुसमी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मवेशियों को मुक्त कराया और स्कॉर्पियो वाहन को जप्त किया। पुलिस ने आरोपी तस्लीम खान के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2011 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(घ) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।


