
बलरामपुर। कोरंधा थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी में जंगल की लकड़ी काटने से मना करने पर एक व्यक्ति द्वारा मारपीट करने और तलवार लहराकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्रार्थी सुरजीत लकड़ा (30 वर्ष), निवासी देवरी ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि 13 सितंबर 2026 की सुबह करीब 9:00 बजे गांव के उपसरपंच व अन्य ग्रामीणों के साथ जंगल की लकड़ी काटने से मना किया गया था। इसके बावजूद गांव का ही राजेंद्र लकड़ा (45 वर्ष) जंगल से लकड़ी काटकर अपने खेत में रख रहा था। जब प्रार्थी ने उसे ऐसा करने से रोका, तो आरोपी ने मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
इतना ही नहीं, आरोपी कुछ ही देर बाद अपने घर से लोहे की तलवार लेकर निकला और पंचायत भवन के पास तलवार लहराते हुए ग्रामीणों को धमकाने लगा।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर कोरंधा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 16/2026, धारा 296, 351(3), 115(2) बीएनएस (BNS) तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। विवेचना के दौरान पुलिस ने दबिश देकर आरोपी राजेंद्र लकड़ा को हिरासत में लिया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गजपति मिर्रे, सहायक उपनिरीक्षक दशरथ कुजूर, प्रधान आरक्षक शैलेश सिंह, आरक्षक विनोद मरावी, टापू टोप्पो सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।



