
बलरामपुर। सनावल थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरवा में दहेज प्रताड़ना से त्रस्त होकर एक नवविवाहिता द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतिका के परिजनों के बयान और मर्ग जांच के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति और ससुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतिका का विवाह मई 2026 में हुआ था। मृतिका के परिजनों ने बताया कि शादी के महज एक महीने बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में फ्रिज, वाशिंग मशीन और सोने की अंगूठी की मांग को लेकर उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। लगातार हो रही मारपीट और कलह से तंग आकर नवविवाहिता ने 9 सितंबर 2026 को गांव के पास स्थित एक बाऊली (छोटे तालाब) में कूदकर अपनी जान दे दी।
घटना के दिन जब मृतिका घास काटने के बाद काफी देर तक घर नहीं लौटी, तब परिजनों ने खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान तालाब में झागड़ डालने पर उसका शव बरामद हुआ।
सूचना पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पंचनामा कराया गया। मर्ग जांच और गवाहों के बयानों में दहेज प्रताड़ना की पुष्टि होने पर सनावल पुलिस ने अपराध क्रमांक 57/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने मामले में त्वरित संज्ञान लेते हुए आरोपी पति दिलीप कुमार यादव (26 वर्ष) और ससुर सुरेश यादव (53 वर्ष), निवासी ग्राम सेमरवा को 12 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में एसडीओपी बाजीलाल सिंह के मार्गदर्शन में सनावल थाना प्रभारी निरीक्षक बृजलाल भारद्वाज, सउनि गौटिया राम मराबी, सउनि कपिल साय, आरक्षक प्रेमलाल कुजूर तथा आरक्षक अमृत सोनवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



