
बलरामपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘राष्ट्र सेवा के रंग’ कार्यक्रम के तहत आज शासकीय कन्या महाविद्यालय बलरामपुर के प्रांगण में जिला स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने विशाल रंगोली में वंदे भारत एक्सप्रेस का आकर्षक चित्रण कर विकास पथ पर तेज़ी से आगे बढ़ते भारत की तस्वीर प्रस्तुत की। विकसित भारत की परिकल्पना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले 25 वर्षों के सेवा, संकल्प एवं समर्पण पर केंद्रित यह रंगोली आयोजन का मुख्य आकर्षण रही।
रंगोली निर्माण में स्थानीय प्राकृतिक उत्पादों, अनाज, फल-फूल और प्राकृतिक रंगों का उपयोग किया गया, वहीं ‘धान का कटोरा’ कहे जाने वाले छत्तीसगढ़ की पहचान उभारने के लिए रंगे हुए धान का विशेष प्रयोग हुआ। आयोजन में शासकीय महाविद्यालय बलरामपुर, कन्या महाविद्यालय बलरामपुर और नवीन महाविद्यालय रनहत के विद्यार्थियों के साथ युवाओं और स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने स्वयंसेवक के रूप में भागीदारी की।जिला मुख्यालय के साथ सभी विकासखंडों में भी रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

रामचन्द्रपुर विकासखंड में शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामानुजगंज के प्रांगण में रामानुजगंज, सनावल और रामचन्द्रपुर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगोली बनाई। वाड्रफनगर में शासकीय रानी दुर्गावती महाविद्यालय प्रांगण में वाड्रफनगर और रघुनाथनगर महाविद्यालय के विद्यार्थी शामिल हुए। राजपुर में शासकीय महाविद्यालय राजपुर, कुसमी में कृषि मंडी परिसर तथा शंकरगढ़ में शंकरगढ़ स्टेडियम में स्थानीय महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से विकसित भारत का संदेश दिया।
आयोजन को सफल बनाने में जिले के उच्च शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की भूमिका उल्लेखनीय रही। विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा युवाओं, स्वयंसेवकों और सामाजिक समूहों की सहभागिता से यह कार्यक्रम जनभागीदारी का उत्सव बन गया। प्राकृतिक सामग्रियों से उकेरी गई इन कलाकृतियों ने यह संदेश दिया कि परंपरा और प्रकृति को साथ लेकर आगे बढ़ता भारत ही ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करेगा।



