
राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर स्थित पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव के दौरान मंच की बैठक व्यवस्था को लेकर उस समय माहौल गर्मा गया, जब कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सामरी विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा व्यवस्था देखकर नाराज हो गईं। विधायक ने मंच के सामने रखी नेमप्लेट को स्वयं हटाकर किनारे कर दिया और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं दोहराने के निर्देश दिए।
दरअसल प्रति वर्ष की तरह स्कूल शुरू होते ही हर ब्लाक मुख्यालय में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव मनाया जाता है इस तारतम्य में राजपुर विकासखंड में वार्ड क्रमांक 06 में स्थित स्वामी आत्मानंद विद्यालय में शाला प्रवेश उत्सव मनाया जा रहा था जहाँ मंच पर केवल जनप्रतिनिधियों के नेम प्लेट लगाया गया था। मंच पर किसी भी भाजपा के पदाधिकारियों का नेम प्लेट नहीं होंने से विधायक भड़क गई। विधायक ने कहा कि शाला प्रवेश उत्सव प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला कार्यक्रम है, इसलिए व्यवस्थाओं में इस प्रकार की चूक स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनप्रतिनिधियों के सम्मान और कार्यक्रम की गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी के रूप में कार्य देख रहे सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी जतरू राम नागदेव ने विधायक के सामने हाथ जोड़कर अपनी गलती स्वीकार की और बेहतर व्यवस्था का आश्वासन देते हुए माफी मांगी।

कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री संजय सिंह ने भी मंच व्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नियमित विकासखंड शिक्षा अधिकारी के अस्वस्थ होने के कारण सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन मंच और नेमप्लेट की व्यवस्था ठीक ढंग से नहीं की गई। वरिष्ठता के अनुरूप बैठने की व्यवस्था नहीं होने से ऐसी स्थिति बनी, जिसके बाद विधायक ने अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
विवाद के बाद कार्यक्रम सामान्य रूप से प्रारंभ हुआ। शाला प्रवेश उत्सव में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और पुष्प देकर स्वागत किया गया। कक्षा पहली से पाचवी तक के छात्रों को गणेश व पुस्तक तथा छठवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया।

प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी जतरू राम नागदेव ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से जन्म प्रमाण पत्र, निवास एवं जाति प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि शासकीय योजनाओं का लाभ बच्चों को समय पर मिल सके।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष विनय भगत, नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष एवं स्थायी शिक्षा समिति के अध्यक्ष आकाश अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य रवि प्रताप मरावी, एसडीएम देवेंद्र प्रधान, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय दुबे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय के प्राचार्य गिरीश चंद मिश्रा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।



