
राजपुर (बलरामपुर)। बलरामपुर जिले के ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) विभाग में पदस्थ एक तकनीकी सहायक द्वारा सोशल मीडिया पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला गरमा गया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजपुर के अध्यक्ष नीरज तिवारी ने प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने और दोष सिद्ध होने पर सेवा आचरण नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरईएस विभाग में पदस्थ तकनीकी सहायक टीकम चंद कौशिक द्वारा सोशल मीडिया पर राहुल गांधी को लेकर कथित तौर पर अभद्र या आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का आरोप सामने आया है।

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि यदि यह टिप्पणी संबंधित कर्मचारी के सोशल मीडिया खाते से ही की गई है, तो यह अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि वायरल पोस्ट/कमेंट की तकनीकी एवं निष्पक्ष जांच कर उसकी सत्यता व संदर्भ स्पष्ट किया जाए। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं और यह शासकीय सेवा आचरण नियमों का स्पष्ट उल्लंघन सिद्ध होता है, तो संबंधित कर्मी पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए।
तिवारी ने शासकीय मर्यादा का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकारी सेवा में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निष्पक्षता, मर्यादा और निर्धारित आचरण की अपेक्षा रहती है। व्यक्तिगत स्तर पर राजनीतिक विचार रखना किसी का भी अधिकार हो सकता है, लेकिन सरकारी पद पर रहते हुए किसी बड़े राजनीतिक पद पर आसीन जनप्रतिनिधि के विरुद्ध सार्वजनिक रूप से अमर्यादित टिप्पणी करना सेवा आचरण की सीमाओं का उल्लंघन है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी का विरोध किसी के निजी विचारों से नहीं, बल्कि शासकीय पद की गरिमा और सेवा नियमों के अनुपालन से है। तिवारी ने दो टूक कहा, “सरकारें आती-जाती हैं और सत्ता बदलती रहती है, लेकिन शासकीय सेवा की मर्यादा और आचरण संहिता सभी के लिए समान रूप से लागू होनी चाहिए।” उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि बिना किसी पक्षपात के त्वरित जांच कर जवाबदेही तय की जाए।



