
राजपुर। नगर एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों में बेहतर इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के नाम अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) राजपुर को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्र में शीघ्र 5G मोबाइल नेटवर्क सेवा प्रारंभ करने की मांग की गई है।
सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि वर्तमान समय में राजपुर क्षेत्र में मोबाइल और इंटरनेट उपभोक्ताओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है। रोजमर्रा के कार्यों, विशेषकर उच्च शिक्षा, व्यापारिक लेन-देन, बैंकिंग सेवाओं और विभिन्न शासकीय व गैर-शासकीय डिजिटल प्रक्रियाओं के संपादन के लिए हाई-स्पीड इंटरनेट अनिवार्य हो चुका है। ऐसे में क्षेत्र में आधुनिक 5G तकनीक की उपलब्धता से स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को निर्बाध व तीव्र संचार सुविधा का सीधा लाभ मिलेगा।

कांग्रेस पदाधिकारियों ने केंद्रीय संचार मंत्री से आग्रह किया है कि राजपुर नगर सहित क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में 5G नेटवर्क का विस्तार करने हेतु संबंधित दूरसंचार कंपनियों व विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया जाए, ताकि तकनीकी प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर सेवा शुरू की जा सके।
आपको बताते चलें कि राजपुर शहर में चार प्रमुख मोबाईल नेटवर्क स्थापित है परंतु अब तक 5G सेवा किसी भी नेटवर्क प्रदाता ने सुविधा उपलब्ध नहीं कि है जिससे राजपुर नगरवासियों को इंटरनेट की समस्या से आये दिन परेशान होना पड़ रहा है।
इस दौरान प्रमुख रूप से संतोष सिंह, राजेश पांडेय (टिल्लू), राहुल गुप्ता, विद्यानंद दुबे, राहुल भारती, विकास यादव, विश्वास गुप्ता, बाबा भारती और अधिवक्ता स्वतंत्र मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



