
सरगुजा। आबकारी विभाग के संभागीय उड़नदस्ता (संभाग सरगुजा) ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र से 35 पेटी मध्य प्रदेश निर्मित विदेशी शराब बरामद की है। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत लगभग ₹2.5 लाख आंकी गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
आबकारी आयुक्त पी.एस. अल्मा एवं जिला आबकारी अधिकारी इन्द्रबली मार्कंडेय के मार्गदर्शन में संभागीय उड़नदस्ता लगातार अवैध मदिरा के परिवहन और भंडारण पर नजर रख रहा है। इसी कड़ी में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को 6 अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना बगीचा के ग्राम झिक्की निवासी सुदर्शन गुप्ता के घर पर दूसरे राज्य से लाई गई भारी मात्रा में विदेशी शराब का अवैध भंडारण किया गया है।
सूचना की पुष्टि होने पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने 7 अक्टूबर की सुबह ग्राम झिक्की स्थित सुदर्शन गुप्ता के मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के पीछे बरामदे में तिरपाल से छिपाकर रखी गई 35 पेटी ‘गोवा व्हिस्की’ (मध्य प्रदेश निर्मित) बरामद हुई। कुल 1,750 पाव (लगभग 315 बल्क लीटर) अवैध शराब जब्त की गई।
मौके पर मौजूद आरोपी सुदर्शन गुप्ता के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत गैर-जमानती प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के साथ मुख्य आरक्षक अशोक सोनी, आरक्षक श्यामसुंदर पैकरा, दीपक पांडे, आशीष कुंज तथा नगर सैनिक गणेश पांडेय, रणविजय सिंह व रोहित सोनवानी की सक्रिय भूमिका रही। आबकारी विभाग का कहना है कि सीमावर्ती राज्यों से होने वाले अवैध शराब परिवहन पर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।



