
राजपुर। जनपद पंचायत राजपुर के सर्वांगीण विकास और उच्च शिक्षा के विस्तार को लेकर राजपुर जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को ज्ञापन सौंपकर दो प्रमुख मांगों की स्वीकृति का आग्रह किया गया है। जनपद उपाध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों एवं छात्रहित को ध्यान में रखते हुए जनपद मुख्यालय में आधुनिक ऑडिटोरियम निर्माण और शासकीय महाविद्यालय में स्नातकोत्तर (पीजी) कक्षाएं शुरू करने की मांग उठाई गई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि राजपुर क्षेत्र में बड़े शासकीय, सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक सर्वसुविधायुक्त सभागार का अभाव है। जनपद पंचायत मुख्यालय में आधुनिक ऑडिटोरियम बनने से प्रशासनिक बैठकों, प्रशिक्षण शिविरों, जनजागरूकता अभियानों के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को अपनी कला के प्रदर्शन के लिए एक उचित मंच मिल सकेगा।
कॉलेज में पीजी कक्षाएं न होने से छात्र परेशान
राजपुर के शासकीय महाविद्यालय में वर्तमान में केवल स्नातक स्तर तक ही अध्यापन की व्यवस्था है। उच्च शिक्षा के लिए स्थानीय छात्र-छात्राओं को दूर-दराज के शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन में मांग की गई है कि कला, वाणिज्य और विज्ञान संकाय में तत्काल स्नातकोत्तर (पीजी) कक्षाएं प्रारंभ की जाएं, जिससे क्षेत्र के युवाओं को अपने ही गृहक्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्राप्त हो सके।
जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से दोनों मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की माँग की है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिल सके।



