
राजपुर। युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले आरोपी को राजपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचना मिलने के महज 2 घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पेट्रोल की खाली बोतल और लाइटर भी बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शिवकुमार काशी निवासी ग्राम बुढ़ाबगीचा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि रक्षाबंधन के दौरान उनके घर मेहमान आए हुए थे। इसी दौरान आरोपी रामेश्वर उर्फ कोचा (21 वर्ष), निवासी बुढ़ाबगीचा महुआपारा ने विवाद करते हुए सिद्धांत नामक युवक से मारपीट की। इसके बाद जब सिद्धांत अपने भाई को घटना की सूचना देकर रात लगभग 8:15 बजे वापस लौट रहा था, तब आरोपी ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोपी ने सिद्धांत पर पेट्रोल छिड़ककर लाइटर से आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद घायल सिद्धांत को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय अम्बिकापुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल वहाँ उसका इलाज जारी है।
प्रार्थी की शिकायत पर राजपुर पुलिस ने धारा 109(1) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने फौरन दबिश दी और सूचना के 2 घंटे के भीतर आरोपी रामेश्वर उर्फ कोचा को दबोच लिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।



