बलरामपुर/शंकरगढ़। बैंक कर्मचारियों के साथ साठगांठ कर लोन निकलवाने और किस्त चुकाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को शंकरगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रवण कुमार (43 वर्ष), निवासी खैराडीह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
किस्त पटाने और 40% राशि देने का दिया था झांसा
शंकरगढ़ वार्ड क्रमांक 11 निवासी प्रार्थी फूलचन्द्र मिंज ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अनावेदक शिवशंकर दास, दीपक कुमार टोप्पो और श्रवण कुमार ने बैंक कर्मचारियों से मिलीभगत कर धोखाधड़ी की साजिश रची। आरोपियों ने प्रार्थी को लोन की कुल राशि का 40 प्रतिशत देने तथा 60 प्रतिशत राशि खुद रखकर पूरी किस्त चुकाने का झांसा दिया। इस तरह प्रार्थी के नाम से लोन निकलवाकर यूपीआई, आरटीजीएस और नेफ्ट के माध्यम से कुल 32,52,500 रुपये का गबन कर लिया गया। इतना ही नहीं, गिरोह ने कई अन्य शिक्षकों को भी इसी तरह लोन निकलवाकर लाखों रुपये की चपत लगाई है।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
प्रार्थी की शिकायत पर शंकरगढ़ पुलिस ने धारा 318(4), 3(5) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी श्रवण कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और संलिप्तता पाए जाने पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
अन्य दो मुख्य आरोपी पहले से जेल में निरूद्ध
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के दो अन्य मुख्य आरोपी पूर्व में जिला सरगुजा (थाना गांधीनगर), कोण्डागांव और नारायणपुर में दर्ज धोखाधड़ी के मामलों में गिरफ्तार किए जा चुके हैं और वर्तमान में जेल में बंद हैं।
शंकरगढ़ पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संलिप्त बैंक कर्मचारियों व अन्य आरोपियों पर भी जल्द गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।


