
राजपुर। विकासखंड जनपद सभागृह में विकासखंड स्तरीय शिक्षा समिति की बैठक जनपद उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति के अध्यक्ष आकाश अग्रवाल की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में आगामी राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों और विकासखंड स्तरीय आयोजनों को लेकर गहन चर्चा की गई।
बैठक में 15 अगस्त का मुख्य आयोजन के संबंध में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोपालपुर के प्रांगण में आयोजित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विकासखंड स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों तथा संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
बैठक के दौरान सरस्वती साइकिल योजना के तहत पात्र छात्राओं को साइकिलों का शीघ्र वितरण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए, ताकि बालिकाओं को समय पर इसका लाभ मिल सके।
इस दौरान सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी जतरू राम नामदेव सहित विकासखंड के अंतर्गत आने वाले सभी हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यगण प्रमुख रूप से मौजूद रहे।



