
बलरामपुर। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय बलरामपुर में जिला स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (सम्मेलन) 2026 का आयोजन संपन्न हुआ। छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (CCOST), रायपुर द्वारा प्रायोजित इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना तथा नवाचार के जरिए स्थानीय समस्याओं के व्यावहारिक समाधान खोजने के लिए प्रेरित करना रहा।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार द्वारा निर्धारित मुख्य विषय ‘साइंस एंड इनोवेशन फॉर सस्टेनेबिलिटी’ के पाँच उपविषयों पर केंद्रित इस प्रतियोगिता में जिलेभर से पहुँचे 112 बाल वैज्ञानिकों ने अपने शोध प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।

इस प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान कु. रोशनी सिंह (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रनहत) – विषय: जैविक नियंत्रण,द्वितीय स्थान अनुष्का (शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शंकरगढ़) – विषय: कृषि एवं स्वास्थ्य और तृतीय स्थान पंकज कुमार (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केरता) – विषय: फूड, हेल्थ एवं आयुर्वेद में रहे।
जूनियर वर्ग में प्रथम स्थानइति दुबे (सेजेस अंग्रेजी माध्यम विद्यालय रामानुजगंज) – विषय: फ्यूचर ऑफ डिसेलिनेशन, द्वितीय स्थान नीतू सिंह (पूर्व माध्यमिक शाला बादा, विकासखंड राजपुर) – विषय: पोषणयुक्त खाद्य पदार्थ का उत्पादन।

राज्य स्तरीय सम्मेलन में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व
कार्यक्रम के आयोजक रविशंकर श्रीवास ने बताया कि जिले के छात्र-छात्राओं में विज्ञान और अनुसंधान के प्रति रुचि तेजी से बढ़ रही है। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी आगामी 20 एवं 21 नवंबर 2026 को पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक सम्मेलन में बलरामपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
समापन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य चंद्रशेखर प्रसाद गुप्ता ने सभी विजेता व प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



