
बलरामपुर। नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 के अन्तर्गत बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के नगर पालिका परिषद बलरामपुर, नगर पालिका परिषद रामानुजगंज, नगर पंचायत कुसमी, राजपुर एवं वाड्रफनगर के अध्यक्ष एवं 15-15 वार्ड में पार्षद के निर्वाचन के लिए 11 फरवरी को प्रातः 8.00 बजे से सायं 5.00 बजे तक मतदान होगा।
नगरीय निकाय निर्वाचन के लिए 10 फरवरी को संबंधित क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारियों की उपस्थिति में मतदान दलों को मतदान सामग्री का वितरण किया गया। मतदान सामग्री मतदान दलों को नगर पालिका परिषद बलरामपुर के लिए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय बलरामपुर, नगर पालिका परिषद रामानुजगंज के लिए तहसील कार्यालय भवन रामानुजगंज, नगर पंचायत राजपुर के लिए शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय राजपुर, नगर पंचायत कुसमी के लिए शासकीय बालक उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय कुसमी एवं नगर पंचायत वाड्रफनगर के लिए स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल वाड्रफनगर से किया गया। मतदान दल सभी आवश्यक सामग्रियों का शत-प्रतिशत जांच कर सुरक्षा कर्मियों के साथ संबंधित मतदान केन्द्र के लिए रवाना हुये। इस दौरान स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम विद्यालय बलरामपुर में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, रिटर्निंग अधिकारी एवं अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, एसडीएम बलरामपुर अमित श्रीवास्तव ने मतदान पूर्व विभिन्न मतदान केन्द्रों सहित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगरीय निकाय आम निर्वाचन के तहत नगरीय निकाय क्षेत्रांतर्गत स्थित सभी कार्यालयों में मतदान के दिन मंगलवार 11 फरवरी को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
नगरीय निकाय चुनाव में 29 हजार 186 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे :- नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 में नगर पालिका परिषद बलरामपुर के 15 वार्डों में 4246 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिसमें 2125 महिला एवं 2121 पुरुष मतदाता हैं। नगर पालिका रामानुजगंज में कुल 10514 मतदाता हैं, जिसमें 5315 महिला एवं 5199 पुरुष मतदाता हैं। इसी प्रकार नगर पंचायतों के 15-15 वार्डों में मतदाता अपने मताधिकार प्रयोग करेंगे जिसके अंतर्गत वाड्रफनगर में 4776 मतदाता है जिसमें 2431 महिला एवं 2345 पुरुष मतदाता, राजपुर में 3583 मतदाता है जिसमें 1806 महिला एवं 1777 पुरुष मतदाता, कुसमी में 6067 मतदाता है जिसमें 3133 महिला एवं 2934 पुरुष मतदाता हैं। इस प्रकार नगरीय निकाय में कुल 29186 मतदाता अपने मतों का प्रयोग करेंगे। जिसमें 14810 महिला एवं 14376 पुरुष मतदाता है।



