
बलरामपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश और अप्रत्याशित मौसम को देखते हुए कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने जिलेवासियों को पूरी तरह सतर्क रहने के अपील की हैं। उन्होंने राजस्व अमले और आपदा प्रबंधन टीम को हर समय अलर्ट मोड पर रहने तथा जलभराव व बाढ़ की आशंका वाले संवेदनशील स्थलों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं सहायता सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी, अपने परिवार और आसपास के लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। नदी-नालों, जलप्रपातों और उफनते जलस्रोतों के पास न जाएँ, क्योंकि पानी का बहाव अचानक बढ़ सकता है। डूबे हुए रास्तों, पुल-पुलियों और बैरियर वाले स्थानों को पार करने का प्रयास न करें तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। बारिश में गिरे बिजली के तारों से दूरी बनाए रखें और जमीन धँसने या भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में न जाएँ। बिना आवश्यकता, विशेषकर रात के समय यात्रा से बचें। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा है।
किसी भी आपात स्थिति में ‘‘डायल 112’’, जिला बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 07831-273002 पर तथा स्थानीय प्रशासन से संपर्क किया जा सकता है। कलेक्टर ने मौसम और राहत संबंधी जानकारी के लिए केवल अधिकृत स्रोतों पर भरोसा करने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और अपनों का भी ध्यान रखें, क्योंकि कठिन परिस्थितियों में सतर्कता, संयम और आपसी सहयोग ही सबसे बड़ा बचाव है।



