
राजपुर। थाना राजपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पशु के अवैध परिवहन के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार कर 08 नग बैल बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 08.07.2026 को प्रार्थी द्वारा थाना राजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि ग्राम कमारी से रात्रि लगभग 03:00 बजे लौटते समय ग्राम परसापानी के पास एक पिकअप वाहन क्रमांक JH-01-FL-8856 के चालक द्वारा तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसकी कार को टक्कर मार दी गई। घटना के बाद वाहन की जांच करने पर उसमें 08 नग बैलों को अत्यंत क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंस कर लादकर अवैध परिवहन किया जाना पाया गया।
प्रकरण में थाना राजपुर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, साक्ष्य संकलन एवं वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें पिकअप वाहन से 08 नग बैल बरामद कर विधिवत जप्त किए गए। पुलिस द्वारा सतत प्रयास करते हुए वाहन चालक एवं उसके सहयोगी की पहचान कर उन्हें घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बैलों को झारखंड ले जाने के उद्देश्य से वाहन में लादकर परिवहन करना स्वीकार किया।
पुलिस ने इस मामले में सुलतान अंसारी, पिता सनाउल्ला अंसारी, उम्र 25 वर्ष, निवासी कोटाम, थाना गुमला, जिला गुमला (झारखंड)।नेयाजरिद (नैयाज) बख्श, पिता रमजान बख्श, उम्र 21 वर्ष, निवासी होरी, थाना गुमला, जिला गुमला (झारखंड) के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125, 3(5) तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा—11(घ) एवं छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 112 /183 के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस आमजन से अपील की है कि पशुओं के अवैध परिवहन, पशु क्रूरता अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल-112 पर दें, ताकि त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सके।



