
बलरामपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत आज जिला चिकित्सालय बलरामपुर में रक्तदान महादान अभियान आयोजित किया गया। अभियान में प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम शामिल हुए। उन्होंने रक्तदाताओं से आत्मीय चर्चा कर उनके अनुभव जाने। इसके बाद कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी सहित सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और इस महती कार्य में बढ़-चढ़कर भागीदारी के लिए सभी का धन्यवाद किया।
रेड क्रॉस सोसायटी और दीनहीन सेवा समिति के सहयोग से लगे इस शिविर में कई रक्तदाताओं ने रक्तदान किया।मंत्री श्री नेताम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका जीवन राष्ट्र सेवा को समर्पित है। उनकी सेवा यात्रा से प्रेरणा लेकर आज देशभर में जनकल्याण के कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कामना की कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत निरंतर आगे बढ़ता रहे। मंत्री श्री नेताम ने कहा कि रक्तदान मानवता की सर्वाेच्च सेवा है। एक व्यक्ति का दिया रक्त किसी अनजान जरूरतमंद को नया जीवन देता है और एक पूरे परिवार की खुशियां लौटा सकता है।

उन्होंने मितानिन दीदियों और महिलाओं से भी समय-समय पर रक्तदान करने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि महिलाओं में एनीमिया की समस्या अधिक पाई जाती है, इसलिए रक्तदान से पहले स्वास्थ्य जांच अनिवार्य रूप से कराई जाए। उन्होंने सीएमएचओ को जांच में रक्तदान के लिए अनुकूल पाये जाने वाले रक्तदाताओं से ही रक्तदान कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर ओमप्रकाश जायसवाल, जिला पंचायत एवं जनपद सदस्य, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी, सीएमएचओ विजय सिंह, अन्य अधिकारी, मितानिन और एएनएम भी मौजूद रहीं। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेवासियों ने रक्तदाता बनकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवा यात्रा को आगे बढ़ाया और समाज को मानवता व सेवा का संदेश दिया।


