
राजपुर। देश मे पहली बार रविवार को देश का आम बजट पेश किया गया।वित्तमंत्री सीतारमन ने देश का 89 वाँ और अपना नौंवा बजट पेश किया है।
रविवार को वित्तमंत्री सीतारमन ने 11 बजे बजट पेश करते हुए देश को संबोधित किया।इस अवसर पर राजपुर जनपद के सभागार में प्रोजेक्टर के माध्यम से बजट का सीधा प्रसारण देखा गया।बजट पेश होने के बाद लोगो की प्रतिक्रिया भी आनी शुरू हो गई।

भाजपा जिला महामंत्री संजय सिंह ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट 2026 देश की समग्र आर्थिक मजबूती, सामाजिक संतुलन और विकासशील भारत की स्पष्ट झलक प्रस्तुत करता है। इस बजट में किसान, युवा, महिला, श्रमिक और मध्यम वर्ग के हितों को प्राथमिकता दी गई है। बुनियादी ढांचे के विकास, शिक्षा-स्वास्थ्य में निवेश, रोजगार सृजन और डिजिटल व हरित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के प्रावधान सराहनीय हैं। यह बजट आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत करते हुए ग्रामीण व शहरी विकास के बीच संतुलन स्थापित करता है। कुल मिलाकर बजट 2026 समावेशी विकास, आर्थिक स्थिरता और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक दूरदर्शी बजट है।

जनपद अध्यक्ष विनय भगत ने कहा कि यह एतिहासिक बजट रहा जिसमे आम जनता और माध्यम वर्ग के लिए रहतो का पिटारा खोल दिया है। वित मंत्री जीने स्वास्थ्य,तकनीकी शिक्षा और हरित ऊर्जा को प्राथमिकता दी है सरकार की बजट को आम जनता सराहना कर रही हैं।

प्रदेश उपाध्यक्ष कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने कहा कि अदानी को लूट की छूट, छत्तीसगढ़ को शून्य मोदी सरकार का कॉरपोरेट एवं क्रूर बजट आज पेश यूनियन बजट 2026-27 में छत्तीसगढ़ के गरीबों, किसानों, छात्रों, युवाओं और आदिवासियों के लिए शून्य राहत। किसानों को MSP गारंटी नहीं, PM-Kisan में कोई बढ़ोतरी नहीं, सिर्फ हाई-वैल्यू क्रॉप्स के नाम पर दिखावा। छात्रों-युवाओं को स्किलिंग-जॉब्स की कोई ठोस गारंटी नहीं, सिर्फ AI और टेक्नोलॉजी के बड़े-बड़े दावे। कोई नई स्कीम, कोई टैक्स राहत, कोई विशेष पैकेज नहीं। माइनिंग कॉरिडोर और क्रिटिकल मिनरल्स के बहाने अदानी जैसे कॉरपोरेट घरानों को हमारे हसदेव अरण्य, बस्तर, सरगुजा की जमीन-जंगल और संसाधनों की खुली लूट का रास्ता! हमारे आदिवासी भाइयों-बहनों की भूमि पर कॉरपोरेट कब्जे की साजिश!यह बजट नहीं, छत्तीसगढ़ की जनता के साथ खुला विश्वासघात है।यह बजट विकसित भारत का नहीं कॉरपोरेट इंडिया का बजट है।

जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण विकास के लिए ऐतिहासिक बजट।केंद्रीय बजट में ग्रामीण क्षेत्र के 16 वित्त आयोग हेतु 1.4 लाख करोड़ राशि का प्रावधान किया गया है जो एक ऐतिहासिक कदम है जिससे ग्रामीण क्षेत्र का चहुमुखी विकास होगा साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए भी पहले से अधिक राशि का प्रावधान करना देश की विकास के लिए मजबूत कदम है। केंद्रीय बजट में में सबका साथ सबका विकास के ध्येय को अपनाते हुए सभी वर्गों का विशेष ध्यान रखा गया है। इस ऐतिहासिक बजट के लिए मैं देश के यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मंत्री एवं वित्त मंत्री आदरणीय निर्मला सीतारमण जी का आभार व्यक्त करता हूँ।

ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष नीरज तिवारी ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हमेशा की तरह बजट से मध्यवर्ग को ठगा गया है। चुनावी राज्यों को छोड़कर बाकी अन्य राज्यों को नजरअंदाज करना साफ स्पष्ट करता है कि भाजपा सिर्फ सत्ता के चाहत में आम जनता को भूल गई है।राशन, गैस जैसे जरूरी उपयोगी चीजों के रेट में कमी की जगह दाम बढ़ाया जाना दुखद है।छत्तीसगढ़ को हवाई सुविधा ट्रेन सुविधा से वंचित रखा गया। इनकम टैक्स के नियमों में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।

नगर पंचायत वार्ड क्रमांक 06 पार्षद विश्वास गुप्ता ने कहा कि केंद्रीय बजट में आम आदमी, छोटे किसानों और निम्न मध्यम वर्ग की वास्तविक समस्याओं के समाधान को लेकर अपेक्षित ठोस प्रावधान नजर नहीं आते। महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा-स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दों पर यह बजट निराश करता है। विकास के बड़े दावों के बावजूद जमीनी स्तर पर राहत के स्पष्ट उपायों का अभाव दिखाई देता है। कुल मिलाकर यह बजट अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाया।

नगर पंचायत वार्ड क्रमांक 08 के पार्षद राजन त्रिपाठी ने कहा कि पूर्णत दिशाहीन बजट है। पहले की तरह अब भी मध्यवर्ग के लोगों को ठगा गया है। बजट के नाम पर लीपपोती कर सरकार ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।

विधायक प्रतिनिधि प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि आज जो बजट पेश हुआ है हुआ विकसित भारत के सपने को साकार करने वाला है। बजट में महिला समूह जैसे सामाजिक समरसता के साथ उद्योग एवं चिकित्सालय एवं पशु चिकित्सालय जैसे मूलभूत सुविधाओं का समावेश किया गया है। कुल मिलाकर यह बजट आमजन का बजट है जो भारत को विकसित बनाने में योगदान देने वाला है वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी की दूर दृष्टि को साधुवाद।



