
बलरामपुर। पुलिस लाइन में शुक्रवार को जनरल परेड का आयोजन किया गया, जिसका निरीक्षण पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (आईपीएस) ने किया। एसपी ने परेड की सलामी ली और पुलिस बल के टर्नआउट, शारीरिक दक्षता, अनुशासन तथा परेड की गुणवत्ता का बारीकी से मुआयना किया। इसके बाद आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन पर एक व्यापक मॉक ड्रिल भी आयोजित की गई।
परेड निरीक्षण के दौरान एसपी ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस सेवा में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी जवानों को निष्ठा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

आपदा में त्वरित राहत और समन्वय का अभ्यास
परेड संपन्न होने के बाद पुलिस बल की आपातकालीन कार्यक्षमता को परखने के लिए मॉक ड्रिल की गई। इस अभ्यास में आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, राहत एवं बचाव कार्य, घायलों को समय पर सुरक्षित स्थान और अस्पताल पहुंचाने, यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने तथा अन्य प्रशासनिक विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की प्रक्रियाओं का सजीव अभ्यास किया गया।
एसपी वैभव बैंकर ने जवानों और अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी प्राकृतिक या आकस्मिक आपदा के समय उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम व प्रभावी उपयोग होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संकट के समय आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है और राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं होनी चाहिए। इस अभ्यास का मुख्य ध्येय आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस बल की तत्परता को मजबूत बनाना था।
इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) प्रमोद किसपोट्टा, रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन, प्रशिक्षु सूबेदार ज्योति साहू सहित पुलिस और नगर सेना के बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



