
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी मुख्य परीक्षा वर्ष 2026 के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। जिले में इस वर्ष दोनों ही परीक्षाओं में विद्यार्थियों का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है। कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में
पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष परीक्षा परिणाम में वृद्धि दर्ज की गई है। हाईस्कूल में लगभग 3.53 प्रतिशत तथा हायर सेकेंडरी में लगभग 1.47 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जो जिले के शैक्षणिक स्तर में निरंतर सुधार को दर्शाता है। कलेक्टर श्री कटारा एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती तोमर ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
जिला शिक्षा अधिकारी एम.आर. यादव ने बताया कि हाईस्कूल परीक्षा 2026 में जिले से कुल 9325 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे, जिनमें से 9141 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। इनमें 4148 बालक एवं 4993 बालिकाएं शामिल रहीं। घोषित परिणाम के अनुसार 7686 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए, जिससे कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 84.63 रहा। बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 86.81 तथा बालकों का 81.99 प्रतिशत दर्ज किया गया।
प्रथम श्रेणी में 4510, द्वितीय श्रेणी में 2967 तथा तृतीय श्रेणी में 209 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। जिले में प्रथम स्थान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जामवंतपुर के छात्र आर्यन गुप्ता 97 प्रतिशत, द्वितीय स्थान नेशनल पब्लिक अंग्रेजी माध्यम स्कूल रजखेता की छात्रा आराधना पटेल 96.83 प्रतिशत व तृतीय स्थान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रघुनाथनगर की छात्रा रोशनी काशी 96 प्रतिशत ने प्राप्त किया। इसी प्रकार हायर सेकेंडरी परीक्षा 2026 में कुल 6949 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए, जिनमें से 6876 परीक्षा में सम्मिलित हुए। इनमें 2979 बालक एवं 3897 बालिकाएं शामिल रहीं। परीक्षा परिणाम में 5788 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए, जिससे कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 84.29 रहा। बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 86.21 तथा बालकों का 81.79 प्रतिशत रहा।
प्रथम श्रेणी में 3455, द्वितीय श्रेणी में 2253 तथा तृतीय श्रेणी में 80 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। जिले में प्रथम स्थान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करमडीहा की छात्रा प्रतिभा गुप्ता एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जामवंतपुर की छात्रा स्नेहा कुशवाहा ने क्रमशः 94.80 प्रतिशत, द्वितीय स्थान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सनावल के छात्र सोनू 94.20 प्रतिशत तथा तृतीय स्थान कृष्ण आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलंगी की छात्रा प्रियलता कश्यप 93.80 प्रतिशत ने प्राप्त किया।



