
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ नक्सलवादी आत्मसमर्पण/पीड़ित राहत पुनर्वास नीति-2025 की जिला स्तरीय समिति की मासिक बैठक कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। कलेक्टर ने शासन की मंशा के अनुरूप आत्मसमर्पित व्यक्तियों के उत्थान को प्राथमिकता देते हुए उन्हें केंद्र एवं राज्य की योजनाओं से शीघ्र लाभान्वित करने के निर्देश दिए। अब तक 31 लोगों को स्व-सहायता समूहों से जोड़े जाने की जानकारी पर उन्होंने यह संख्या और बढ़ाने को कहा।

बैठक में बताया गया कि जिले के 24 आत्मसमर्पित व्यक्तियों में से 14 को आवास तथा 21-21 को खाद्यान्न सहायता और राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजना का लाभ मिल रहा है। नक्सली हिंसा में मृत व्यक्तियों के 50 प्रकरणों में से 49 में राहत राशि दी जा चुकी है और 29 परिजनों को शासकीय नौकरी मिली है। घायल 11 नागरिकों में से 10 को राहत राशि तथा संपत्ति क्षति के 7 में से 6 प्रकरणों में मुआवजा प्रदान किया गया है। कलेक्टर ने विभागीय समन्वय से लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी सहित समिति के सदस्य व संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



