
बलरामपुर। जिले के रघुनाथनगर थाना अंतर्गत बलंगी पुलिस चौकी ने अंतरराज्यीय मवेशी तस्करी के एक बड़े मामले में महीनों से फरार चल रहे 12वें आरोपी को मध्य प्रदेश के सिंगरौली से गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में पुलिस पहले ही 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
मार्च महीने में सामने आया था मामला
पुलिस के अनुसार, 19 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 7 पिकअप वाहनों में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर वध के लिए ले जाया जा रहा है। तस्करों द्वारा एक सफेद रंग की ग्रैंड विटारा कार (क्रमांक CG 30 G 5161) से वाहनों की रेकी की जा रही थी। सूचना पर बलंगी पुलिस ने चौकी के सामने नाकेबंदी कर वाहनों को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखकर तस्कर भागने लगे। घेराबंदी के दौरान पुलिस ने दो पिकअप वाहनों (क्रमांक MP 66 ZF 2498 और MP 53 Z 3982) को जब्त किया, जिनमें 14 भैंसें ठूंस-ठूंस कर भरी हुई थीं। चालक मौके पर गाड़ियां छोड़कर फरार हो गए थे। जांच और विवेचना के आधार पर पुलिस ने चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए पूर्व में 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था, जबकि अन्य आरोपी फरार चल रहे थे।
सिंगरौली में दबिश देकर पकड़ा गया आरोपी
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी बलंगी पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में दबिश दी। पुलिस ने ग्राम हर्रा बिरती निवासी मुख्य फरार आरोपी मो. मुमताज उर्फ बब्बू (36 वर्ष), पिता सिराजुद्दीन को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने तस्करी में अपने पिकअप वाहन (क्रमांक MP 66 G 2557) के शामिल होने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111(1)(2) (संगठित अपराध), छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।



