
बलरामपुर। ‘डिजिटल इंडिया’ अभियान और पुलिस मुख्यालय रायपुर के कैशलेस व्यवस्था को बढ़ावा देने के निर्देश के तहत बलरामपुर जिले में ई-चालान प्रणाली लागू कर दी गई है। अब जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मौके पर ही ऑनलाइन चालानी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना व चौकी प्रभारियों सहित संबंधित अधिकारियों की आधिकारिक ई-चालान आईडी तैयार कर ली गई है। सभी अधिकृत अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर तत्काल ऑनलाइन कार्रवाई सुनिश्चित करें।
घर बैठे ऑनलाइन भुगतान की सुविधा
यातायात प्रभारी एवं रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन ने बताया कि अधिकृत डिवाइस के जरिए मौके पर ही डिजिटल चालान काटा जाएगा। वाहन चालक या वाहन स्वामी परिवहन विभाग की वेबसाइट के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन चालान राशि का भुगतान कर सकेंगे। इससे चालानी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, त्वरित और कैशलेस बनेगी।
इन नियमों के उल्लंघन पर रहेगा विशेष जोर:
शराब पीकर वाहन चलाना,बिना हेलमेट या बिना सीट बेल्ट गाड़ी चलाना,तेज रफ्तार और खतरनाक ड्राइविंग,अन्य यातायात नियमों की अवहेलना। पुलिस प्रशासन के अनुसार, इस डिजिटल पहल का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना और नागरिकों को नियमों के प्रति जागरूक करना है।



