सरगुजा (सीतापुर)। जिले में सूखे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत संभागीय आबकारी उड़नदस्ता की टीम को रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को बड़ी सफलता हाथ लगी। टीम ने सीतापुर क्षेत्र से एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 6 लाख रुपये मूल्य की प्रतिबंधित नशीली दवाइयां और कफ सिरप बरामद की हैं।
घेराबंदी कर मैदान से दबोचा आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार, सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में संभागीय आबकारी उड़नदस्ता की टीम सीतापुर क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान तपेश्वरी गौड़ा मैदान के पास टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति बोरी लेकर खड़ा दिखाई दिया। सरकारी वाहन रुकते ही आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगा, जिसे सतर्क नगर सैनिकों ने घेराबंदी कर दौड़कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान संजय विश्वकर्मा के रूप में दी।
भारी मात्रा में नशीली दवाओं की खेप बरामद
तलाशी लेने पर बोरी से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बरामद हुईं। जब्त की गई खेप में शामिल हैं जिसमें Spasmo Proxyvon Plus 14,144 कैप्सूल, Nitrosum (10) 880 टैबलेट,Alprascen 1,110 टैबलेट, ONEREX Cough Syrup 20 शीशी। जब्त सभी नशीले पदार्थों की बाजार में कुल कीमत लगभग 6 लाख रुपये आंकी गई है।
गढ़वा से लाकर सीतापुर में खपाने की थी तैयारी
पूछताछ के दौरान आरोपी संजय विश्वकर्मा ने खुलासा किया कि यह सारा माल सीतापुर निवासी अनमोल गुप्ता का है। आरोपी अनमोल गुप्ता के साथ मिलकर नशे का अवैध कारोबार करता है और उसी के कहने पर झारखंड के गढ़वा से यह खेप लेकर आया था।
आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंसेस (NDPS) एक्ट की धारा 21(b) और 22(c) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जा रहा है। मामले से जुड़े मुख्य सरगना की भी तलाश की जा रही है।
सूखे नशे के खिलाफ लगातार जारी रहेगी कार्रवाई
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि सीतापुर क्षेत्र में नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत यह एक बड़ी कामयाबी है और नशे के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उक्त कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें आबकारी आरक्षक श्याम सुन्दर सिंह, दीपक पांडे तथा नगर सैनिक गणेश पाण्डेय, रणविजय सिंह और रोहित सोनवानी की सराहनीय भूमिका रही।


