बलरामपुर। कुसमी पुलिस ने साप्ताहिक बाजार से मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नवडीहा निवासी प्रार्थी बिन्दु बुनकर 3 अक्टूबर 2026 को कुसमी साप्ताहिक बाजार आया था। इस दौरान अज्ञात चोर ने बाजार परिसर से उसकी हीरो एच.एफ. डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 30 C 8515) पार कर दी। प्रार्थी की शिकायत पर कुसमी थाना पुलिस ने धारा 303(2) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर दस्तगीर अंसारी (उम्र 21 वर्ष, पिता मुरतुजा अंसारी, निवासी ग्राम गम्हारडीह, थाना शंकरगढ़) को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में संदेही ने वाहन चोरी की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 12 अक्टूबर को झकमक नाला के पास स्थित एक मक्के के खेत से चोरी की गई मोटरसाइकिल विधिवत बरामद कर जब्त कर ली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



