
बलरामपुर। जिलेभर में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के साथ-साथ सामाजिक संस्थानों में आयोजित योग कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और संतुलित जीवन के लिए योग को अपनाने का संदेश दिया। डीपाडीह, बाबा बछराज कुंवर धाम और खुशी वृद्धाश्रम सहित जिलेभर में वृहद स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जनपद पंचायत शंकरगढ़ के अंतर्गत पुरातात्विक एवं ऐतिहासिक महत्व के स्थल डीपाडीह सामत सरना परिसर में सामरी विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारियों, शिक्षकगण, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने योग प्रोटोकॉल के अनुरूप सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों को अंत में पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई।

जनपद पंचायत वाड्रफनगर के ग्राम पंचायत मानपुर स्थित बाबा बछराज कुंवर धाम में भी योग शिविर का आयोजन किया गया। आध्यात्मिक एवं प्राकृतिक वातावरण में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करते हुए स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और सुखी जीवन के लिए योग को अपनाने का संदेश दिया।
खुशी वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों ने भी पूरे उत्साह के साथ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया। वृद्धजनों ने अपनी क्षमता के अनुरूप विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर नियमित योग के महत्व को रेखांकित किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने वृद्धजनों के उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा की सराहना की।
जिले के जनपद पंचायत , ग्राम पंचायतों, मंडी प्रांगण तथा नगर सेना कैंप, आंगनबाड़ी केंद्रों सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, जवानों एवं आमजन ने सहभागिता की। इस दौरान नागरिकों को नियमित योग अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।



