
अंबिकापुर। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने गुरुवार को मुक्तिपारा में दबिश देकर एक महिला शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के पास से 23 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान महिला ने शराब नष्ट करने और महिला सैनिक के साथ झूमाझटकी कर शासकीय कार्य में बाधा डालने का भी प्रयास किया।
संभागीय आबकारी उड़नदस्ता कार्यालय केदारपुर, अंबिकापुर को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि मुक्तिपारा निवासी सीता रजवाड़े के घर बिक्री के लिए भारी मात्रा में महुआ शराब रखी गई है। सूचना मिलते ही सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में उड़नदस्ता टीम ने तत्काल मौके पर छापा मारा।
वर्दी देख शराब फैलाने की कोशिश, महिला सैनिक से की झूमाझटकी
टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, वर्दीधारी पुलिस व आबकारी अमले को देखकर सीता रजवाड़े शराब से भरी डेकची को जमीन पर उलटने लगी। सतर्क महिला आरक्षकों ने उसे तत्काल रोकने का प्रयास किया, जिससे कुछ शराब जमीन पर गिर गई। इस दौरान आरोपिया ने पकड़ने आई महिला सैनिक के साथ हाथापाई और झूमाझटकी शुरू कर दी। टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू में किया।
मौके पर बची शराब की नाप करने पर कुल 23 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद कर जब्त की गई। आबकारी विभाग ने आरोपिया सीता रजवाड़े के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2), 59(क) तथा शासकीय कार्य में बाधा डालने व झूमाझटकी करने पर धारा 40(A) के तहत गैर-जमानती अपराध पंजीबद्ध किया। इसके बाद आरोपिया को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने किया। कार्रवाई में महिला सैनिक राजकुमारी सिंह, चंद्रावती तथा आबकारी आरक्षक श्याम सुंदर सिंह की सक्रिय भूमिका रही।



