
आजीविका गतिविधियों का प्रत्यक्ष अवलोकन करने का मिलेगा अवसर
बलरामपुर। महिला सशक्तिकरण एवं आजीविका संवर्धन की दिशा में कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा दिशा दर्शन भ्रमण योजना के अंतर्गत जिले के महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ी 80 महिलाओं को प्रशिक्षण एवं अध्ययन भ्रमण हेतु विकास भारती संस्थान, बिशुनपुर (जिला गुमला, झारखंड) भेजा गया है।
संयुक्त जिला कार्यालय परिसर से कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने हरी झंडी दिखाकर 2 बस को रवाना किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री आर.एस. लाल, श्री आर.एन. पाण्डेय, श्री चेतन बोरघरिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री रमाकांत ध्रुवे सहित महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दिशा दर्शन भ्रमण योजना महिलाओं के लिए सीखने, समझने एवं आगे बढ़ने का सशक्त माध्यम है। इस भ्रमण से महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी तथा आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने सभी को प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ लेने एवं अपने अनुभवों को अन्य समूहों के साथ साझा करने हेतु प्रेरित किया।
महिला एवं बाल विकास अधिकारी ने जानकारी दी है कि अध्ययन भ्रमण से महिलाओं को विकास भारती संस्थान में सिलाई-कढ़ाई, मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन, अगरबत्ती निर्माण, जैविक खेती, पोषण आधारित उद्यम सहित विभिन्न आजीविका गतिविधियों का प्रत्यक्ष अवलोकन करने का अवसर मिलेगा एवं इस संबंध में प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इससे महिलाएं कार्यप्रणाली को समझते हुए अपने समूहों में नवाचार एवं आयवृद्धि के नए अवसर विकसित कर सकेंगी।
गौरतलब है कि दिशा दर्शन भ्रमण योजना अंतर्गत महिलाओं को 09 से 11 अप्रैल 2026 तक भ्रमण कराया जाएगा। प्रशिक्षण उपरांत प्रतिभागी महिलाएं अपने-अपने ग्रामों में सीखी गई तकनीक साझा करेंगी, जिससे अन्य महिला समूहों को भी प्रेरणा एवं लाभ प्राप्त होगा।



