
राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम दुप्पी में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यहाँ हुडहुड नाला में सुनसान इलाके में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। शव की स्थिति को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह मामला कई दिन पुराना है।
राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को दुप्पी के ग्राम सरपंच द्वारा फोन पर सूचना दी गई कि क्षेत्र में एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हुआ है।सूचना मिलते ही पुलिस की टीम फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को साथ लेकर तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शव को देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि मौत करीब 10 दिन पहले हो चुकी थी। शव काफी पुरानी होने के कारण क्षत-विक्षत स्थिति में था। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात जंगली जानवर ने शव को काफी नुकसान पहुंचाया था। शव के अधिक खराब होने के कारण मौके पर मौत के सही कारणों का पता नहीं चल सका। फॉरेंसिक टीम की सलाह पर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अंबिकापुर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 25 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
शुरुआत में शव की शिनाख्त नहीं हो पाई थी, जिसके बाद पुलिस ने आसपास के थानों और चौकियों में गुमशुदगी के मामलों की तस्दीक की। जांच के दौरान पता चला कि 17 जून को खड़गवां चौकी में एक महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है। जब उस हुलिए का मिलान किया गया, तो वह काफी हद तक इस मृतका से मेल खाता था। पुलिस ने तुरंत गुमशुदा महिला के पति पंपापुर खड़गंवा निवासी थवल प्रसाद गोंड़ को सूचित कर मौके पर बुलाया। महिला के पति ने शव पर मौजूद ब्लाउज और पेटीकोट को देखकर उसकी पहचान सुनीता के रूप में की है।
फिलहाल, पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही महिला की मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस हर एंगल से इस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।



