
राजपुर। जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोटडीह में आज “सुशासन तिहार 2026” के तहत एक व्यापक जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अनुभाग स्तर के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
इस शिविर में सात ग्राम पंचायत जिसमें भेण्डरी, तोनी, पकराड़ी, कोटडीह, कोदौरा, करमडीहा एवं सेमराकठरा के ग्रामीणों को एक ही स्थान पर अपनी समस्याएं रखने और समाधान प्राप्त करने का अवसर मिला। शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जन शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण तथा आमजन को सुगम, पारदर्शी एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस सुशासन तिहार का आयोजन किया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ सामग्री का वितरण भी किया गया। इसमें वन भूमि पट्टा, राशन कार्ड, कृषि बीज, कीटनाशक दवाई, सहित अन्य योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को दिया गया। अधिकारियों ने मौके पर ही कई आवेदनों का निराकरण कर लोगों को राहत पहुंचाई।शिविर के दौरान मुख्य अतिथि सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने पाँच महिलाओं को गोद भराई पाँच बच्चों का मुंह जुठाई किया।उन्होंने स्वागत करने वाले मंडली को नगद राशि देकर सम्मानित किया।जिसके पश्चात उन्होंने विभागीय स्टालों का निरीक्षण किया।

जनपद पंचायत अध्यक्ष विनय भगत ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शुरू किया गया सुशासन तिहार ग्रामीणों के लिए अत्यंत लाभकारी पहल है। इसके माध्यम से जनपद स्तर के अधिकारियों को ग्राम पंचायतों में सेक्टर बनाकर भेजा गया है, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान तत्काल और प्रभावी ढंग से किया जा सके। वहीं जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से इनका अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

शिविर के दौरान कुल 138 आवेदन आया जिसमे 133 मांग एवं शिकायत के 5 आवेदन प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश राजस्व विभाग से संबंधित थीं। इनमें सीमांकन, बंटवारा, नल-जल योजना को पूर्ण कराने, मिट्टी सड़क निर्माण, वृद्धा पेंशन, हैंडपंप स्थापना, सिंचाई विभाग द्वारा चेक डेम निर्माण, विद्युत विस्तार, सूअर पालन योजना तथा नलकूप खनन जैसी मांगें प्रमुख रहीं। इसके अलावा ग्रामीणों ने ग्राम कोटडीह में उप स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग भी रखी।
जनपद अध्यक्ष विनय भगत ने ग्राम कोटडीह के लोहारपारा में एक सप्ताह के भीतर बोर खनन कराने की घोषणा की, जिससे स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया। अधिकांश मामले को तत्काल निपटारा किया गया वहीं बचे मामलों को जिला स्तर, व प्रदेश स्तर में भेजने की बात कही गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत इस सेक्टर में 821 नए हितग्राहियों के नाम जोड़े जाने की जानकारी भी दी गई।

विभागवार प्राप्त आवेदनों में राजस्व विभाग में 57 आवेदन प्राप्त हुए, वन विभाग में 4, कृषि विभाग में 2 मांगें दर्ज की गईं। इसके अतिरिक्त भेण्डरी क्षेत्र में पशु चिकित्सालय की स्थापना की मांग सात पंचायतों के ग्रामीणों द्वारा की गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रवि प्रताप मराबी, मंडल अध्यक्ष जगवंशी यादव, बबलू यादव, अशोक रस्तोगी, सुनील गुप्ता, प्रशांत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों सहित प्रशासनिक अधिकारियों में एसडीएम देवेंद्र प्रधान, जनपद सीईओ संजय दुबे, तहसीलदार कावेरी मुखर्जी, नायब तहसीलदार नरेंद्र कंवर, कार्यपालन अभियंता जी.एस. सिदार, रेंजर अजय वर्मा, एसडीओ जानूराम सोनवानी, एसडीओ जलसंसाधन महेंद्र सांडिल्य, पंचायत निरीक्षक फूलमोहन राम एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी एवँ सरपंच तथा सचिव मौजूद रहे।



