
बलरामपुर। जिले के रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) बलरामपुर में बुधवार को गरिमामय वातावरण में ‘पुलिस स्मृति दिवस’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिस जवानों को याद कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में जिले के कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी सहित समस्त पुलिस अनुविभागीय अधिकारी, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और शहीदों के परिजन उपस्थित रहे।

शहीद स्मारक पर दी गई सलामी, हुआ नामावली वाचन
समारोह की शुरुआत में परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक को सलामी दी गई। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने देश भर में कर्तव्य पथ पर बलिदान देने वाले अमर शहीदों की नामावली का वाचन किया। तत्पश्चात सम्मान सूची को शहीद स्मारक पर स्थापित कर वीर शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर (सलामी) दिया गया।
कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों तथा शहीद परिजनों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र व पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों के अदम्य साहस और बलिदान को नमन किया। परेड कमांडर द्वारा शहीद स्मारक के दोनों ओर से धीरे चाल से मार्च पास्ट करते हुए शहीदों को अंतिम नमन के साथ परेड का समापन किया गया।
शहीद परिजनों का सम्मान और संवाद
कार्यक्रम में विशेष रूप से आमंत्रित शहीद परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा उन्हें शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
औपचारिक कार्यक्रम के बाद प्रशासनिक व पुलिस नेतृत्व ने शहीद परिजनों से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याओं व मांगों को संवेदनशीलता से सुना। अधिकारियों ने परिजनों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी शहीद परिजनों को ससम्मान उनके गृहग्राम तक पहुँचाया गया।



