
बलरामपुर। जिले की कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से बिहार ले जाया जा रहा 109.235 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस ने मामले में वाहन चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पिकअप के डाले के नीचे बनाया था गुप्त चेंबर
पुलिस के अनुसार, गांजा तस्करों ने तस्करी के लिए सफेद रंग की बोलेरो पिकअप (क्रमांक JH-10-AK-5144) में विशेष तकनीक का इस्तेमाल किया था। वाहन के डाले (लोडिंग बॉडी) के नीचे एक बॉक्सनुमा गुप्त चेंबर तैयार किया गया था। जांच के दौरान जब पुलिस ने डाले को ऊपर उठवाकर देखा, तो चेंबर के अंदर से 100 पैकेट में भरा कुल 109.235 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

मुखबिर और तकनीकी इनपुट पर बिछाया गया जाल
सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा और बलरामपुर पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के मार्गदर्शन में जिले में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। कोतवाली पुलिस को तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से गांजे की बड़ी खेप बलरामपुर के रास्ते बिहार भेजी जा रही है।
सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने मोबाइल चेक पोस्ट (MCP) लगाकर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। मध्य रात्रि में अंबिकापुर की ओर से आ रही संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें यह सफलता मिली।

बिहार का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 29 वर्षीय योगीराज (पिता ऐशन शाह), निवासी ग्राम कतिकनार, वार्ड नंबर 05, थाना नवानगर, जिला बक्सर (बिहार) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली बलरामपुर में धारा 20(ख)(2)(ग) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और गांजे की खेप को जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि इस अंतरराज्यीय सिंडीकेट से जुड़े अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है और जल्द ही गिरोह के बाकी सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।



