
राजपुर। जल संरक्षण के साथ साथ खेती किसानी में बदलाव हेतु बलरामपुर कलेक्टर एवँ जिला पंचायत सीईओ के निर्देश एवँ ग्रामीणों के सहयोग से बलरामपुर जिले के राजपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत खोखनिया के पीपर दहा नाला में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत लगभग 19.87 लाख रुपये की लागत से निर्मित चेक डेम किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है। इस चेक डेम के बनने से आसपास के लगभग 40 से 50 किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो रहा है, जिससे उन्हें खेती-किसानी में काफी सहूलियत मिल रही है। साथ ही यह जल संरक्षण और जल संवर्धन की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
चेक डेम में संचित पानी का उपयोग किसान गर्मी के मौसम में भी फसलों की सिंचाई के लिए कर रहे हैं। इसके अलावा ग्रामीण इस पानी का उपयोग पशुओं को पिलाने और अन्य जरूरतों के लिए भी कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि पानी उपलब्ध होने से अब वे अतिरिक्त फसल लेने की तैयारी कर रहे हैं और खेती का रकबा भी बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि जल संरक्षण की दृष्टि से यह कार्य अत्यंत उपयोगी है और ग्रामीणों को स्थायी समाधान मिला है। यहां पर चेकडेम बनने से पर्याप्त मात्रा में पानी रुक रहा है। इससे लगभग 40 से 50 किसानों को लाभ मिल रहा है। जिससे लगभग 30 से 35 एकड़ भूमि में सिचाई हो रहा है और आने वाले समय में विभिन्न प्रकार की खेती की जाएगी।
ग्रामीणों ने बताया कि यहां चेक डेम के अभाव में किसानों को लंबे समय तक पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा था और खेती भी प्रभावित हो रही थी। इस वर्ष नए चेक डेम के निर्माण से अब खेती की स्थिति में सुधार होगा और गर्मियों के मौसम में भी वे खेती कर पाएंगे।



