
राजपुर/कुसमी। सामरी थाना अंतर्गत भुताही कैंप में बुधवार को सीएएफ के जवान ने साथी केम्प में ही जवानों पर सर्विस इंसास रायफल से अधाधुंध गोली चला दी। गोली लगने से दो जवानों की मौत हो गई एवं एक अन्य जवान घायल हो गया है। घायल जवान को कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार हेतु भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी लगते ही बलरामपुर एसपी राजेश अग्रवाल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 11:30 की है जहाँ बलरामपुर जिले के कुसमी स्थित भूताही सीएएफ केम्प के जवान अजय सिदार ने अपने ही साथियों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दिया। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के झारखंड से लगे सरहदी क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सीएएफ का कैंप ग्राम भुताही में बनाया गया है। भुताही कैंप में सीएएफ की 11 वीं बटालियन तैनात है। बुधवार की सुबह करीब 11.30 बजे सीएएफ जवान अजय सिदार ने अपने साथियों पर इंसास सर्विस रायफल से अधाधुंध गोलियां चला दीं। गोलियां चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे जवानों ने अजय सिदार को पकड़कर काबू में किया।वहीँ
गोली लगने से सीएएफ जवान रूपेश पटेल की मौके पर ही मौत हो गई एवं संदीप पांडेय और गार्ड कमांडर अंबुज शुक्ला घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए कुसमी लाया ले जाया जा रहा था जहाँ रास्ते में संदीप पांडेय ने दम तोड़ दिया।वहीँ घायल गार्ड कमांडर अंबुज शुक्ला को दोनों पैरों में गोली लगी है जिसे कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद अम्बिकापुर रेफर कर दिया गया है।

घटना की जानकारी लगते ही बलरामपुर एसपी राजेश अग्रवाल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।सीएएफ जवान ने साथियों पर क्यों गोली चलाई इसका अभी पता नहीं चल सका है। सामरी पुलिस भी घटना की सूचना पर मौके पर पहुंच गई है।



