
बलरामपुर। बलरामपुर-चांदो-सामरी मार्ग के कंठी घाट पर यात्री बसों के आवागमन पर लगा अस्थायी प्रतिबंध हटा लिया गया है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने इस संबंध में आदेश जारी कर इस मार्ग पर यात्री बसों के संचालन की अनुमति प्रदान की है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
उल्लेखनीय है कि कंठी घाट में नाली निर्माण कार्य जारी रहने के कारण 17 जुलाई 2026 को जारी आदेश के माध्यम से जनहित और सुरक्षा की दृष्टि से इस मार्ग पर यात्री बसों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया था। अब लोक निर्माण विभाग (भवन/सड़क) संभाग रामानुजगंज के कार्यपालन अभियंता ने अवगत कराया है कि इस मार्ग पर छोटे वाहनों और सवारी बसों का आवागमन सुरक्षित रूप से किया जा सकता है।
प्रकरण की समीक्षा के उपरांत वर्तमान परिस्थितियों और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। इससे कुसमी, चांदो और सामरी क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। आदेश के पालन हेतु अनुविभागीय दण्डाधिकारी कुसमी, जिला परिवहन अधिकारी तथा संबंधित तहसीलदारों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।



