
राजपुर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर 8 अक्टूबर को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजपुर ने लोकतंत्र के समर्थन में ‘काला दिवस’ मनाया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्थानीय तहसीलदार के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपकर निर्वाचन आयोग की जवाबदेही तय करने, चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने और विपक्षी सांसदों के साथ कथित दुर्व्यवहार की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी तथा INDIA गठबंधन के अन्य सांसद निर्वाचन आयोग से चुनावी पारदर्शिता व जवाबदेही को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से मिलकर अपनी बात रखने जा रहे थे। इस दौरान पुलिस व प्रशासन द्वारा उन्हें रोके जाने और कथित रूप से बलपूर्वक दुर्व्यवहार किए जाने की घटना सामने आई, जो बेहद निंदनीय है।

कांग्रेस नेताओं ने इस पूरे घटनाक्रम को लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मर्यादाओं के खिलाफ करार दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और विपक्ष को अपनी आवाज उठाने का पूरा संवैधानिक अधिकार है। निष्पक्ष चुनाव ही स्वस्थ लोकतंत्र की नींव है, इसलिए निर्वाचन आयोग की स्वायत्तता और विश्वसनीयता बरकरार रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। पार्टी ने स्पष्ट किया कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए उनका संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला महामंत्री दोमनिक एक्का, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष लालसाय मिंज, मनोज अग्रवाल, सुनील भगत, विद्यानंद दुबे, रवि सोनी, पार्षद विशवास गुप्ता सहित युवा कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गुप्ता, कौशल चौबे, पंकज ठाकुर, तेजप्रताप सिंह, विकास यादव, मुन्ना गुप्ता, बाबा भारती, प्रयाग यादव, तुलेश्वर यादव, रामनाथ रवि एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


