
बलरामपुर (रामानुजगंज)। राष्ट्रीय राजमार्ग-343 (NH-343) पर निर्माण कार्यों में बरती जा रही भारी लापरवाही के खिलाफ शुक्रवार को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सैकड़ों ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सड़क निर्माण में गलत एलाइनमेंट, दिन-रात उड़ती धूल और गुणवत्ताविहीन नाली निर्माण से त्रस्त लोगों ने हाईवे पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया। यह आंदोलन नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के नेतृत्व में किया गया, जिसमें उपाध्यक्ष, पार्षदों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व व्यापारी शामिल हुए।
आवागमन ठप, हाईवे पर लगी वाहनों की लंबी कतारें
प्रदर्शन के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। यात्री बसें, भारी मालवाहक ट्रक और निजी वाहन जाम में फंस गए, जिससे यात्रियों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हाईवे पर पूरी तरह से यातायात ठप होने के बाद स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।

लापरवाही और मनमानी के गंभीर आरोप
प्रदर्शनकारियों ने निर्माण एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्य रूप से निम्नलिखित मुद्दे उठाए जिसमें सड़क निर्माण के दौरान निर्धारित तकनीकी मापदंडों और सही एलाइनमेंट का पालन नहीं करना, निर्माण स्थल पर नियमित पानी का छिड़काव न होने से चौबीसों घंटे धूल उड़ने के कारण आसपास के दुकानदारों और रहवासियों का सांस लेना दूभर हो गया है। पानी निकासी के लिए बनाई जा रही नालियों के निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग और तकनीकी खामियां, सड़क चौड़ीकरण के दौरान बिजली के खंभों को सुरक्षित तरीके से शिफ्ट किए बिना ही काम कराया जाना जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की संभावना।
मौके पर मौजूद नगर पालिका अध्यक्ष और स्थानीय नागरिकों ने स्पष्ट कहा कि जब तक जिला प्रशासन और निर्माण कंपनी मौके पर पहुंचकर समस्याओं के तत्काल निराकरण और नियमित जल छिड़काव का ठोस लिखित आश्वासन की माँग पर अड़े रहे जिसके बाद प्रशासनिक अमला मौके पर समझाइश देने के बाद आंदोलन समाप्त किया गया।



