
राजपुर/शंकरगढ़। बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 40 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि उसकी पत्नी और बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सामरी-कुसमी मुख्य मार्ग पर उस वक्त हुआ, जब एक सूखे आम के पेड़ की भारी टहनी अचानक चलती बाइक पर आ गिरी।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत सरगांवा निवासी 40 वर्षीय युवक अपनी पत्नी और बच्चे को बाइक पर बैठाकर शंकरगढ़ की ओर जा रहा था। सामरी-कुसमी मुख्य मार्ग पर गुजरते समय रास्ते में मौजूद एक सूखे आम के पेड़ की बड़ी टहनी अचानक टूटकर सीधे बाइक पर गिर गई।

टहनी की चपेट में आने से युवक के सिर पर बेहद गंभीर चोट आई, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से उसकी पत्नी और बच्चा भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही शंकरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



