बलरामपुर। जिले के चलगली थाना क्षेत्र में मवेशियों की अवैध तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पिकअप वाहन में क्रूरतापूर्वक ठूंसकर बूचड़खाने ले जाए जा रहे मवेशियों के वाहन के पलटने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी वाहन मालिक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 9 सितंबर को चलगली पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मवेशियों से भरी एक पिकअप वाहन हरिनारायण नामक व्यक्ति के घर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर मौजूद राजेश्वर प्रसाद चेरवा द्वारा पेश किए गए लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
हादसे में एक भैंसे की मौके पर ही मौत हो गई, जिसका पुलिस ने विधिवत पोस्टमार्टम कराया। वहीं, मौके से 3 जीवित भैंसों और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन क्रमांक UP 64 CT 3854 को जब्त किया गया। बचाए गए तीनों मवेशियों को सुरक्षित देखरेख के लिए बासेन स्थित गौशाला भेज दिया गया है।
घटना के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस द्वारा लगातार की गई पतासाजी के बाद पिकअप वाहन के मालिक राजदेव यादव (उम्र 21 वर्ष), निवासी ग्राम लुरगीकला (चौकी रनहत, थाना चलगली) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी अपने वाहन में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर कटिंग (वध) हेतु अन्य राज्य ले जा रहा था।
थाना चलगली में आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।



