
राजपुर। प्रदेश कांग्रेस में आह्वाहन पर राजपुर कांग्रेस कार्यलय में विश्व आदिवासी दिवस पर भाजपा की उपेक्षा को लेकर जिलास्तरीय पत्रकारवार्ता आयोजित किया गया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए लुंड्रा के पुर्व विधायक डॉ प्रीतम राम ने भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर आदिवासियों की उपेक्षा और उनकी अस्मिता पर हमला करने का गंभीर आरोप लगाया।
पत्रकार वार्ता के दौरान डॉ प्रितम राम ने कहा कि 9 अगस्त को जब पूरी दुनिया में उत्साहपूर्वक विश्व आदिवासी दिवस मना रहे थे तो प्रदेश और देश में सत्तासीन भाजपा के शीर्ष नेताओं, स्थानीय आदिवासी नेताओं, यहाँ तक कि राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री की ओर से भी आदिवासी समाज के लिए एक बधाई संदेश तक जारी नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 से पहले भाजपा नेता इस अवसर पर बधाई संदेश दिया करते थे। इस वर्ष बधाई न देना और शासकीय स्तर पर आयोजन न करना भाजपा की आदिवासी विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। आरएसएस के खुले विरोध के कारण भाजपा के आदिवासी मुख्यमंत्री भी अपने ही समाज के सबसे बड़े उत्सव को मनाने से कतरा रहे हैं।उन्होंने संस्कृति एवं स्वतंत्र पहचान पर हमला बताया।

विश्व आदिवासी दिवस दुनिया के सामने आदिवासी समाज की एकता, समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली इतिहास को लाने का दिन है। भाजपा और आरएसएस आदिवासियों की स्वतंत्र सांस्कृतिक पहचान का विरोध करती है और उन्हें आदिवासी के बजाय वनवासी बनाकर उनकी मौलिक पहचान को नष्ट करना चाहती है। जिस प्रदेश की 32 प्रतिशत आबादी आदिवासी हो और जहाँ विश्व की सबसे प्राचीन आदिवासी सभ्यता निवास करती हो, वहाँ की सरकार द्वारा इस पावन पर्व से परहेज करना पूरे आदिवासी समाज का सीधा अपमान है।
उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और संस्कृति का प्रतीक है। भाजपा और आरएसएस आदिवासियों को मुख्यधारा की स्वतंत्र सभ्यता मानने के बजाय उन्हें हमेशा पिछलग्गू बनाकर रखना चाहती हैं।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रदेश का आदिवासी समाज अपनी उपेक्षा और अपनी अस्मिता पर हो रहे इस प्रहार को भली-भांति समझ रहा है और समय आने पर इसका करारा जवाब देगा।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की अस्मिता आदिवासी अधिकारों और जल जंगल जमीन के अधिकार से कोई समझौता नहीं होगा। भाजपा और आरएसएस भले ही आदिवासी दिवस का विरोध करें,आदिवासी समाज इसे गर्व से मानता रहा है और मानता रहेगा।
पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी प्रवक्ता सुनील सिंह महामंत्री जितेंद्र गुप्ता लाल साय मिंज डॉ बीएन द्विवेदी नारद तिवारी मनोज अग्रवाल सुरेश सोनी विकास अम्बष्ट सत्येंद्र पांडे बृजेश मिश्रा अश्वनी यादव अमित यादव सुदामा राजवाड़े देवनारायण मरावी विजय सिंह मनपतिया सिंह आनंद मसीह जीत सिंह पोर्ते लकनाथ सुनील भगत डोमनिक एक्का सुभाष तिर्की एवं एडवीन मिंज सहित अन्य कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित थे।



