
बलरामपुर। जिले के शिक्षित एवं कुशल युवाओं को निजी क्षेत्र में अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, बलरामपुर द्वारा नियमित रूप से रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही जिले के सभी निजी संस्थानों, कंपनियों, औद्योगिक इकाइयों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, शोरूम, निजी चिकित्सालयों, शैक्षणिक संस्थानों एवं बड़े रिटेल प्रतिष्ठानों से आगामी रोजगार मेलों में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की गई है।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि जिन संस्थानों को विभिन्न पदों पर योग्य एवं दक्ष कर्मचारियों की आवश्यकता है, वे रोजगार मेले में शामिल होकर अपनी रिक्तियों के अनुरूप अभ्यर्थियों का चयन कर सकते हैं। रोजगार मेले में स्टॉल उपलब्ध कराने, अभ्यर्थियों का विवरण उपलब्ध कराने तथा चयन प्रक्रिया आयोजित करने के लिए विभाग द्वारा किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता है। यह सुविधा पूर्णतः निःशुल्क है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक नियोजक किसी भी कार्यदिवस में जिला रोजगार कार्यालय, बलरामपुर में उपस्थित होकर अथवा विभागीय ई-मेल employmentbalrampur@gmail.com एवं मोबाइल नंबर 9685672368 पर अपने संस्थान की रिक्तियों का विवरण, जिसमें पदनाम, शैक्षणिक योग्यता, वेतनमान एवं रिक्त पदों की संख्या शामिल हो, उपलब्ध कराकर रोजगार मेले में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकते हैं।
जिला रोजगार अधिकारी ने जिले के सभी निजी एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों से रोजगार मेले में सहभागी बनकर स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा जिले में रोजगार सृजन के प्रयासों को मजबूत बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

