
किसानों से संवाद कर संतुलित उर्वरक उपयोग के लिए किया जागरूक,बेहतर उत्पादन के लिए जैविक खेती अपनाने की दी सलाह
बलरामपुर। खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए किसानों को समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराने तथा कृषि व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने विकासखंड बलरामपुर अंतर्गत तातापानी सहकारी समिति केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध खाद एवं बीज के भंडारण तथा वितरण व्यवस्था का अवलोकन किया।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने समिति में खाद-बीज के भण्डार तथा किसानों को किए जा रहे वितरण की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त खाद एवं बीज उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। कलेक्टर ने संबंधितों को भंडारण व्यवस्था सुव्यवस्थित रखने तथा वितरण कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी किसान को खाद-बीज के लिए अनावश्यक परेशानी न हो यह सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया के उपयोग को लेकर किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को इसकी सही मात्रा एवं उपयोग की विधि की जानकारी दें, जिससे किसान कम मात्रा में उर्वरक का उपयोग कर बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकें। उन्होंने लघु एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता के आधार पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने समिति में पहुंचे किसानों से संवाद कर नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया के उपयोग की जानकारी ली। किसानों ने भी अपने अनुभव साझा किया। कलेक्टर ने किसानों से कहा कि उर्वरक का संतुलित उपयोग करते हुए बेहतर उत्पादन किया जा सकता है। इस दौरान उन्होंने किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि अन्य किसानों को भी इसके लाभ के बारे में जानकारी दें ताकि अधिक से अधिक किसान जैविक खेती की ओर अग्रसर हों। उन्होंने किसानों को सहकारी समितियों से ही खाद एवं बीज उठाव करने की सलाह दी ताकि उन्हें प्रमाणित एवं गुणवत्तायुक्त सामग्री मिल सके। उन्होंने किसानों से चर्चा करते हुए किसान क्रेडिट कार्ड की भी जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं का लाभ प्रत्येक किसान तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अधिक से अधिक किसानों को योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।



