
राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर के ग्राम सिंगचौरा में वन विभाग द्वारा लगाए गए फेंसिंग पोल तार एवं प्लांटेशन के लिए खोदे गए गड्ढे को क्षतिग्रस्त करने के मामले में वन विभाग एवं पुलिस की सयुंक्त टीम ने कार्यवाही करते हुए दर्जनों ग्रामीणों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की है।

घटना सोमवार की है जब वन विभाग के टीम को जानकारी मिली कि ग्राम सिंगचौरा के कक्ष क्रमांक पी 2760 में गाँव के ग्रामीणों द्वारा फेंसिंग के लिए गाड़े गए पोल एवं तार को तोड़ रहे हैं और प्लांटेशन के लिए खोदे गए गड्ढों को पाट रहे हैं। जानकारी मिलते ही वन विभाग के डिप्टी रेंजर अशोक शुक्ला रामचन्द्र प्रसाद जायसवाल धीरेंद्र प्रताप सिंह सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी एवं कुछ पुलिस कर्मी जब मौके पर पहुँचे तो वहाँ देखा कि गाँव के सौ से डेढ़ सौ की संख्या में ग्रामीण वन विभाग के कक्ष क्रमांक पी 2760 में प्लांटेशन के लिए घेरे गए फेंसिंग पोल तार को तोड़कर प्लांटेशन के लिए खोदे गए गड्ढे को पाट रहे हैं।वह विभाग की टीम ने जब ग्रामीणों को समझाया तो ग्रामीणों ने वन विभाग से अपने जमीन होने का हवाला देते हुए भीड़ गए।देखते देखते वन विभाग के कर्मचारियों एव ग्रामीणों के बीच विवाद बढ़ गया जिसके बाद मामला गरम होता देख वन विभाग की टीम मौके से बैरंग वापस आ गई।जिसके बाद मंगलवार को वन विभाग की पुरी टीम एवं भारी पुलिस बल के साथ सयुंक्त टीम सहित राजपुर तहसीलदार पुनम रश्मि तिग्गा ग्राम सिंगचौरा मौके पर पहुंची और ग्रामीणों द्वारा क्षतिग्रस्त किये हुए जगह का मुआयना किया।

पुलिस एवं वन विभाग की टीम ने जब तोड़फोड़ व गड्ढों के पाटने के कार्य में संलिप्त दर्जन भर से ज्यादा ग्रामीणों को एक जगह पूछताछ के लिए बुलाया तो ग्रामीणों ने उक्त जगह पर अपने बाप दादा का कब्जा होना बताया। मौके पर तहसीलदार पुनम रश्मि तिग्गा ने जब ग्रामीणों को समझाइश देने की कोशिश की कि आप लोग उक्त जगह को कब्जा न करें तो ग्रामीणों ने मानने से इनकार कर दिया जिसके बाद पुलिस ने लगभग 14 ग्रामीणों को पुलिस वाहन में भरकर राजपुर थाने ले आई।

थाने में वन परिक्षेत्राधिकारी महाजन साहू एवं थाना प्रभारी कुमार चंदन सिंह ने ग्रामीणों को काफी समझाने के बाद ग्रामीणों ने उक्त जगह पर आज के बाद कोई कब्जा नहीं करने की बात कही जिसके बाद पुलिस ने सभी ग्रामीणों पर वैधानिक कार्यवाही करते हुए छोड़ दिया।इस कार्यवाही के दौरान राजपुर तहसीलदार पुनम रश्मि तिग्गा थाना प्रभारी कुमार चंदन सिंह वन परिक्षेत्राधिकारी महाजन साहू सर्किल इंचार्ज अशोक शुक्ला रंजीता मिंज वन रक्षक रामचंद्र जायसवाल धीरेंद्र प्रताप सिंह सिंह सहित वन विभाग का पुरा अमला एवं भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे।
आपको बता दे कि ग्राम सिंगचौरा के कक्ष क्रमांक पी 2760 में करीब 20 हेक्टेयर भूमि पर वन विभाग द्वारा पौध रोपण के लिए फैंसिंग पोल लगाकर तार से घेराव किया था।उक्त जगह पर विभाग द्वारा पौधा लगाने के लिए 22 हजार गड्ढे भी कराए गए थे। सोमवार को 100 से 150 सौ ग्रामीणों ने उक्त भूमि पर कब्जा करने के लिए 200 से ज्यादा फैंसिंग पोल को तोड़कर लगभग पन्द्रह हजार से भी ज्यादा गड्ढों को पाट दिया था।



